शरद पवार के परिवार में सत्ता का संघर्ष क्यों शुरू हुआ

महाराष्ट्र में राजनीतिक रसूख वाले परिवारों में सत्ता का संघर्ष कोई नई बात नहीं है.

ठाकरे और भोसले राजघराने के बाद अब शरद पवार के परिवार में सत्ता को लेकर कलह शुरू हो गई है.

अजित पवार के बेटे पार्थ पवार को मावल लोकसभा सीट से टिकट मिलने की संभावनाओं से इसके संकेत मिलते हैं.

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के मुखिया शरद पवार ने ऐलान किया है कि उन्होंने ये फ़ैसला नई पीढ़ी के हाथ में राजनीति की बागडोर सौंपने के उद्देश्य से लिया है.

शरद पवार के इस फ़ैसले के बाद पवार परिवार के सदस्य रोहित राजेंद्र पवार ने फ़ेसबुक पोस्ट लिखकर बताया है कि शरद पवार को अपने फ़ैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए.

रोहित पवार लिखते हैं, "पवार साहब के हर फ़ैसले का हम आदर करते हैं लेकिन इस आदर से भी बड़ा प्रेम होता है जो कि मैं और मेरे जैसे तमाम कार्यकर्ता पवार साहब से करते हैं. इसीलिए हम कहना चाहते हैं कि पवार साहब को इस फ़ैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए."

महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पवार के इस फ़ैसले के बाद परिवार में सत्ता संघर्ष शुरू हो गया है.

बीबीसी ने इस परिवार में सत्ता को लेकर हुए संघर्ष के मायनों को समझने के लिए वरिष्ठ पत्रकार विजय चोरमारे से बात की है.

विजय चोरमारे कहते हैं, "महाराष्ट्र की राजनीति में राजनीतिक रसूख वाले परिवारों में सत्ता संघर्ष होना कोई नई बात नहीं है. इसके उदाहरण ठाकरे, मुंडे और सतारा का भोसले राजघराना हैं. लेकिन किसी को ये उम्मीद नहीं थी कि पवार परिवार में ये संघर्ष शुरू होगा. मगर इस उम्मीदवारी की घोषणा के साथ ही पवार परिवार में सत्ता संघर्ष शुरू होता दिख रहा है.

"ये बात समझा जाना बहुत ज़रूरी है कि अजित पवार अब तक अपने चाचा शरद पवार की हर बात मानते आए हैं. लेकिन शरद पवार को अजित पवार के बेटे यानी पार्थ पवार की बात आख़िरकार माननी पड़ी."

वरिष्ठ पत्रकार राही भिडे मानती हैं कि पार्थ पवार को उम्मीदवारी मिलने के पीछे पारिवारिक संघर्ष एक वजह हो सकती है.

भिडे कहती हैं, "अजित पवार अपने बच्चों को राजनीति में स्थापित करना चाहते हैं. वोह चाहते हैं कि शरद पवार के राजनीतिक रूप से सक्रिय रहते ही ऐसा हो. ये संभव है कि पवार परिवार में इसके लिए दबाव बनाया जा रहा हो.''

वो कहती हैं, ''पार्थ भी महात्वाकांक्षी हैं और वो ख़ुद को राजनीति में स्थापित करना चाहते हैं. इसीलिए वो लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं. वह काफ़ी समय से इसकी तैयारी भी कर रहे थे. मावल लोकसभा सीट में भी पार्थ पवार का पार्टी कार्यकर्ताओं से बढ़िया तालमेल है."

"ऐसा लगता है कि शरद पवार ने घरवालों के दबाव की वजह से पार्थ को आगे बढ़ाने का फ़ैसला किया हो. शरद पवार ने ही इससे पहले मावल से पार्थ की उम्मीदवारी को नकारा था. लेकिन अब शरद पवार को ख़ुद के फ़ैसले से पीछे हटना पड़ा. इससे पता चलता है कि उन पर घरवालों का कितना दबाव है. वहीं, अजीत पवार के समर्थक भी चाहते हैं कि मावल से पार्थ को उम्मीदवारी मिले. इसका मतलब ये हुआ कि अजित पवार को ख़ुद ये लगता है कि उनका बेटा पार्थ राजनीति में आने के लिए तैयार है."

स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक़, "पवार परिवार में युवाओं के बीच राजनीतिक महत्वाकांक्षा दिन प्रति दिन बढ़ती जा रही है. क्योंकि अजित पवार ने कहा था कि पार्थ को राजनीति में नहीं आना चाहिए और शरद पवार ने भी कहा था कि उनके परिवार से अब कोई व्यक्ति राजनीति में शामिल नहीं होगा. लेकिन इसके बावजूद पार्थ को उम्मीदवारी मिलने की बात लगभग पक्की हो गई है. ऐसे में ये सवाल उठना लाज़मी है कि क्या पार्थ और रोहित के बीच राजनीतिक प्रतिस्पर्धा है."

स्थानीय पत्रकार मानते हैं कि दोनों भाइयों में किसी तरह की राजनीतिक रेस नहीं चल रही है.

वहीं, नाम न बताने की शर्त पर एक पत्रकार कहते हैं, "पवार परिवार में आपसी रिश्ते बेहद मज़बूत हैं. शरद पवार की बात कोई नहीं टालता है. ऐसे में शरद पवार ने मावल में जीत सुनिश्चित होने की वजह से ही उन्हें उम्मीदवारी दी है. इसके पीछे एक वजह ये थी कि अगर एक ही परिवार के ज़्यादा लोग चुनाव लड़ें तो जनता में इससे ग़लत संदेश जाता है.''

इसी वजह से पवार ने ख़ुद चुनाव न लड़ने का फ़ैसला किया है. पवार का मानना है कि चुनाव जीतने की क्षमता और जनाधार के आधार पर टिकटों का बँटवारा किया जाता है. ऐसा होने के बावजूद भी दिल्ली की राजनीति में पवार परिवार की सुप्रिया सुले, पार्थ पवार और शरद पवार (राज्य सभा से) तीन सदस्यों की मौजूदगी होगी. वहीं, महाराष्ट्र की विधानसभा में अजित पवार और रोहित पवार मौजूद होंगे.

Comments

Popular posts from this blog

पाकिस्तानी जेलों से भागने वाले पायलटों की कहानी

शेयर बाजार में गिरावट से 61 अमीरों ने 33 अरब डॉलर गंवाए, बेजोस को 8.2 अरब का नुकसान

Unerwarteter Ärger mit dem Eigenheim