यूरोपीय देश आईएस लड़ाकों को लेकर जाएं, मुकदमा चलाएं: ट्रंप
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने यूनाइटेड किंगडम और यूरोप के अपने दूसरे मित्र देशों से कहा है कि सीरिया में इस्लामी चरमपंथी संगठन इस्लामिक स्टेट के ख़िलाफ़ लड़ाई के दौरान पकड़े गए 800 लड़ाकों अपने देश ले कर जाएं और उन पर मुकदमे चलाएं. एक ट्वीट कर उन्होंने कहा कि इस्लामिक स्टेट के ये लड़ाके यूरोप के देशों में जा सकते हैं और अमरीका ऐसा कतई नहीं चाहता. उन्होंने लिखा, "हम इस लड़ाई में काफी कुछ कर रहे हैं, इतना पैसा खर्च कर रहे हैं. वक्त आ गया है कि दूसरे मुल्क आगे आएं और उसकी ज़िम्मेदारी लें जो वो कर सकते हैं." उनका ये ट्वीट ऐसे वक्त आया है जब अमरीका समर्थित कुर्द लड़ाके सीरिया से सटी इराक़ी सीमा के पास इस्लामिक स्टेट के आख़िरी गढ़ से उन्हें खदेड़ने की कोशिश कर रहे हैं. इस मुहिम में पकड़े गए इस्लामिक स्टेट के लड़ाके फिलहाल कुर्द नेतृत्व वाली सेना के कब्ज़े में हैं. ट्रंप ने लिखा, "इस्लामिक स्टेट के ख़लीफ़ा का राज" अब ख़त्म होने ही वाला है. उन्होंने लिखा कि अगर यूरोप के देश ऐसा नहीं करते हैं तो अमरीका पकड़े गए इन लड़ाकों को छोड़ने के लिए बाध्य होगा. रविवा...